बड़ा हादसाः सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत! गहरी खाई में गिरी कार, पसरा मातम

ख़बर शेयर करें :-

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ से एक दुखद खबर सामने आ रही है, यहां आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। हादसा कार के 50 फीट गहरी खाई में गिरने से हुआ है। सभी लोग प्रयागराज से रायपुर लौट रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसा कुकदूर थाना क्षेत्र में हुआ है। जानकारी के मुताबिक, बेमेतरा के कुसमी गांव निवासी फागू यादव (60) व कौशल्या (70), सिमगा के दामाखेड़ा निवासी सती बाई (35) और रायपुर के भनपुरी निवासी मालती (45) सहित आठ लोग अस्थि विसर्जन के लिए प्रयागराज गए थे। वहां से सभी कार में रायपुर लौट रहे थे। अभी वे कवर्धा में मध्य प्रदेश स्टेट हाईवे पर पोलमी गांव के पास पहुंचे थे कि कार अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार खाई में कब गिरी, इसकी जानकारी नहीं है। शुक्रवार तड़के स्थानीय ग्रामीणों ने देखा तो उन्होंने घटनास्थल का वीडियो बनाया और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। हालांकि तब तक तीन लोगों की मौके पर मौत हो चुकी थी। जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। अभी तक घायलों के नाम सामने नहीं आ सके हैं। आशंका है कि देर रात या फिर तड़के हादसा हुआ होगा।

News Desk