Apr 08, 2026

सुरक्षा बलों के बीच भाईचारे को बढ़ावा: 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता की मुख्य भावना

post-img

टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी बांध की झील कोटी कालोनी में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर प्रतियोगिता का वर्चुअल उद्घाटन किया। भारी बारिश के कारण सीएम धामी टिहरी नहीं पहुंच सके, इसलिए उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।देशभर के 19 विभिन्न पुलिस बलों के लगभग 440 महिला और पुरुष खिलाड़ी इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड द्वारा आयोजित इस इवेंट की मेजबानी इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) को सौंपी गई है।

प्रतियोगिता में शामिल प्रमुख टीमें हैं- आईटीबीपी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, असम राइफल्स, आंध्र प्रदेश पुलिस, अंडमान पुलिस, चंडीगढ़ पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस, महाराष्ट्र पुलिस, मणिपुर पुलिस, मध्य प्रदेश पुलिस, ओडिशा पुलिस, पंजाब पुलिस, राजस्थान पुलिस, तमिलनाडू पुलिस, तेलंगाना पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस। इस प्रतियोगिता में कैनोइंग, कयाकिंग और रोइंग की विभिन्न दौड़ें आयोजित की जाएंगी। कैनोइंग और कयाकिंग में 200 मीटर, 500 मीटर तथा 1000 मीटर की रेस होंगी। वहीं रोइंग में 500 मीटर और 2000 मीटर की दौड़ें कराई जाएंगी। कुल 18 कैनोइंग, 18 कयाकिंग और 16 रोइंग रेस का आयोजन किया जाएगा। आईटीबीपी के डीआईजी ने बताया कि टिहरी झील की प्राकृतिक परिस्थितियां वाटर स्पोर्ट्स के लिए बेहतरीन हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के कौशल को निखारेगी बल्कि विभिन्न पुलिस बलों के बीच सौहार्द और एकता को भी बढ़ावा देगी। प्रतियोगिता 8 अप्रैल से शुरू होकर 12 अप्रैल तक चलेगी। समापन समारोह 12 अप्रैल को होगा, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन के दौरान कहा कि उत्तराखंड में वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं। टिहरी झील जैसी प्राकृतिक संपदा राज्य को खेल पर्यटन का प्रमुख केंद्र बना सकती है। उन्होंने आयोजकों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं न केवलखेल भावना को बढ़ाती हैं बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित करती हैं। इस मौके पर स्थानीय प्रशासन और आईटीबीपी के अधिकारी पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित बनाने में जुटे हुए हैं। भारी बारिश के बावजूद खिलाड़ियों और अधिकारियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। यह प्रतियोगिता टिहरी को राष्ट्रीय स्तर पर खेल मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करेगी। राज्य सरकार वाटर स्पोर्ट्स को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।