Feb 11, 2026

28 जनवरी को भारी बारिश की संभावना, जनपद के सभी स्कूलों में अवकाश

post-img

मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऊधम सिंह नगर जनपद में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी ने कल यानि 28 जनवरी को जनपद के आंगनबाड़ी केंद्र और 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद जनपद में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना के चलते जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर ने आंगनबाड़ी केंद्र और 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। आदेश में जिलाधिकारी ने बताया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग,देहरादून से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में कल (ऑरेंज अलर्ट) के दृष्टिगत कहीं कही हल्की से मध्यम वर्षा एवं कुछ स्थानों में भारी वर्षा होने की सम्भावना व्यक्त की गई है। जिसके कारण विद्यालय जाने वाले विद्यार्थियों, विशेष रूप से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। विद्यार्थियो के हित एवं सुरक्षा को देखते हुए 28 जनवरी को जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के समस्त विद्यार्थियो तथा सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित किया गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि कक्षा 10 एवं कक्षा 12वी के विद्यार्थी जो CBSE, ICSE, उत्तराखण्ड बोर्ड अथवा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले हैं, उनकी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को दृष्टिगत रखते हुये, विद्यालय द्वारा यदि अध्ययन/प्रायोगिक/प्री-बोर्ड परीक्षा से सम्बन्धित कोई शैक्षणिक गतिविधि आयोजित की जाती है, तो उसके लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर से पूर्व में ही अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। जिलाधिकारी ने आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश समस्त तहसील एवं सम्बन्धित विभाग को दिए हैं। यदि कोई विद्यालय उक्त आदेश की अवहेलना करता है तो आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 के अन्तर्गत उनके विरूद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।