पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फायर स्टेशन में तैनात एक लीडिंग फायरमैन को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रणवीर सिंह के रूप में हुई है, जो एक निजी स्कूल को फायर एनओसी जारी कराने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था। विजिलेंस ने उसे 20 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, कोटद्वार स्थित एक निजी स्कूल ने फायर एनओसी के लिए फायर स्टेशन में आवेदन किया था। आवेदन की जांच और निरीक्षण की जिम्मेदारी लीडिंग फायरमैन रणवीर सिंह के पास थी। स्कूल प्रबंधन द्वारा सभी जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा मानक पूरे करने के बावजूद फाइल को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान फायरमैन ने पहले 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी, जिसे बाद में 20 हजार रुपये में तय कर लिया गया। इससे परेशान होकर स्कूल प्रबंधन ने डायल-164 पर विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विजिलेंस ने ट्रैप टीम गठित की। सोमवार को जैसे ही आरोपी ने फायर स्टेशन के पास रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के आवास पर तलाशी ली गई, जहां से कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं। आरोपी को मंगलवार को स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा। विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती से काम कर रही है।