Feb 11, 2026

टनकपुर कार्यक्रम बना विकास और राजनीतिक संदेश का मंच

post-img

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के टनकपुर में शारदा घाट पर आयोजित शारदा कॉरिडोर के शिलान्यास समारोह और माघ खिचड़ी कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने टनकपुर क्षेत्र के बूम में 954.46 लाख रुपये और 30,975.89 लाख रुपये की योजनाओं का उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने बताया कि शारदा कॉरिडोर के प्रथम चरण में शारदा घाट पर करीब 107 करोड़ रुपये के कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों में 500 मीटर लंबा भव्य घाट, बाढ़ से सुरक्षा के लिए मजबूत सुरक्षा दीवार, प्रवेश गेट, पैदल मार्ग, चेंजिंग रूम, यात्री विश्राम शेड, आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था, कर्म हरि पाठशाला और आध्यात्मिक जोन का विकास शामिल है। उन्होंने कहा कि शारदा घाट के लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत की जनता से किए गए सभी वादों को सरकार चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मदरसा बोर्ड को समाप्त किया जाएगा और अल्पसंख्यक स्कूलों में गुरुवाणी की गूंज सुनाई देगी, जिससे समान शिक्षा व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। सीएम धामी ने अपने भाषण में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कोटद्वार की घटना का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में किसी भी घटना को बेवजह तूल दिया जाता है। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने 2027 के विधानसभा चुनाव का भी संकेत दिया और कहा कि राज्य की जनता विकास के नाम पर एक बार फिर सरकार को आशीर्वाद देगी।