नई दिल्ली। कर्नाटक में नवनिर्वाचित सरकार ने मंत्रिमण्डल का विस्तार कर दिया है। आज शनिवार सुबह 11ः45 बजे राजभवन में 24 मंत्रियों वाले पूर्ण राज्य मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कर्नाटक के नव निर्वाचित विधायक के. वेंकटेश, डॉ. एचसी महादेवप्पा, ईश्वर खंड्रे, केएन राजन्ना ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही विधायक एचके पाटिल, कृष्णा बायरे गौड़ा, एन चेलूनारस्वामी ने मंत्री पद की शपथ ली। कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने कर्नाटक के नए निर्वाचित विधायक एस. एस. मल्लिकार्जुन, टी. एस. संगप्पा, डॉ. एस.आर. पाटिल, मंकल वैद्य को मंत्री पद की शपथ दिलाई। कर्नाटक के नए निर्वाचित विधायक दिनेश गुंडू राव, शरणबसप्पा दर्शनापुर, शिवानंद पाटिल, टी. आर. बालप्पा ने मंत्री पद की शपथ ली। मंत्रियों की सूची में आठ लिंगायत शामिल हैं, जिनमें एकमात्र महिला मंत्री लक्ष्मी हेब्बलकर शामिल हैं। अनुसूचित जाति (SC) समुदायों से सात, पांच वोक्कालिगा, दो मुसलमान, अनुसूचित जनजाति (ST) समुदायों से तीन, एक मराठा सहित अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) समूहों से 6, एक ब्राह्मण, एक ईसाई और एक जैन मंत्री को कैबिनेट में जगह दी गयी है। कर्नाटक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव, जो प्रारंभिक सूची का हिस्सा नहीं थे उन्हें भी अंतिम सूची में जगह मिली है। शनिवार को 24 नए मंत्रियों को शामिल करने से कर्नाटक में कांग्रेस मंत्रिमंडल की ताकत 34 मंत्रियों की पूरी क्षमता तक पहुंच जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी 24 कैबिनेट मंत्रियों की सूची में शामिल नए मंत्रियों में से 12 के पास मंत्री पद का कोई पूर्व अनुभव नहीं है। इनमें के वेंकटेश, के एन राजन्ना, एस एस मल्लिकार्जुन, मंकल वैद्य, लक्ष्मी हेब्बलकर, रहीम खान, एन एस बोसेराजू, बैराथी सुरेश, मधु बंगारप्पा, डॉ एम सी सुधाकर, आरबी थिम्मापुर और बी नागेंद्र शामिल हैं।
बड़ी खबरः कर्नाटक में मंत्रिमण्डल का विस्तार! विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ, नए लोगों को दी वरीयता
