बड़ी खबरः महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 19 जून तक कर्फ्यू! विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने किया लाठीचार्ज, सीएम ने की खास अपील

ख़बर शेयर करें :-

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के कोल्हापुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां विरोध प्रदर्शन के दौरान हिन्दू संगठनों के सदस्य और पुलिस आमने-सामने आ गयी। आज सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक स्टेटस लगाए जाने के विरोध में और युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू संगठन ने छत्रपति शिवाजी चौक पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर धरना दे रहे लोगों को सड़क से हटाया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस घटना पर कहा कि राज्य में क़ानून व्यवस्था बनाए रखने की ज़िम्मेदारी सरकार की है। गृह विभाग और मंत्री अधिकारियों के साथ संपर्क में है और मैं भी अधिकारियों के साथ संपर्क में हूं। लोगों से क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं। कोल्हापुर जिले में बुधवार से 19 जून तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। हिंदुत्ववादी संगठनों ने आज कोल्हापुर बंद का आह्वान किया है। पुलिस की अपील के बावजूद हिंदुत्व संगठन बंद को लेकर अड़े हैं जिसके चलते कोल्हापुर शहर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। कानून व्यवस्था की समस्या न हो इसके लिए जिला प्रशासन ने सभा पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं।