नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में खासी संख्या में किसान दिल्ली पहुंचे हैं। इस बीच सोमवार को पंजाब से भारी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचे किसानों ने पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ दिया। वहीं पहलवानों ने शांति बनाए रखने की अपील की है। महिला पहलवानों ने डब्ल्यूएफआई चीफ बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पहलवान यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर डब्ल्यूएफआई प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पहलवान के धरना-प्रदर्शन को अभी तक कई राजनीतिक दलों के नेता और संगठन अपना समर्थन दे चुके हैं। पहलवान पिछले एक महीने से WFI प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सिंह पर महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने, उन्हें शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और WFI को तानाशाही तरीके से चलाने का आरोप लगाया है। इससे पहले पहलवानों के समर्थन में रविवार किसान दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे थे। जिसमें कई किसान नेता शामिल थे। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी थी। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा था कि यौन उत्पीड़न के आरोपी बृजभूषण शरण सिंह को 21 मई तक गिरफ्तार किया जाए।
बड़ी खबरः पहलवानों के समर्थन में जंतर-मंतर पर उमड़े किसान! उग्र आंदोलन के बीच तोड़े पुलिस बैरिकेट्स, दिल्ली पुलिस अलर्ट
