बड़ी खबरः मायावती ने भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप! कहा- निकाय चुनावों में हुई है धांधली, वक्त आने पर दिया जायेगा जवाब

ख़बर शेयर करें :-

लखनऊ। बसपा प्रमुख मायावती ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। मायावती ने नगर निकाय चुनावों के परिणामों पर असंतोष जाहिर करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया है कि सत्ताधारी पार्टी धांधली से अधिकतर सीट जीत जाती है और इस बार भी चुनाव में ऐसा ही हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग से बसपा चुप होकर बैठने वाली नहीं है, बल्कि वक्त आने पर भाजपा को इसका जवाब जरूर मिलेगा। उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव में शनिवार को हुई मतगणना में भाजपा ने राज्य के सभी 17 नगर निगमों के महापौर पद पर एकतरफा जीत हासिल की है। किसी भी विपक्षी दल को महापौर सीट पर जीत नहीं मिली। नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में भी भाजपा का दबदबा रहा। बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में भाजपा के साम, दाम, दंड, भेद आदि अनेक हथकंडों के इस्तेमाल के साथ ही साथ इनके द्वारा सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग से बसपा चुप होकर बैठने वाली नहीं है, बल्कि वक्त आने पर इसका जवाब भाजपा को जरूर मिलेगा।’’ नगर निगमों में मतपत्र से मतदान की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए उन्होंने अपने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘‘साथ ही, तमाम विपरीत हालात का सामना करते हुए बसपा पर भरोसा करके पार्टी उम्मीदवारों को वोट करने के लिए लोगों का तहेदिल से आभार व शुक्रिया।