बड़ी खबरः प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को समर्पित किया नया संसद भवन! विधि-विधान के साथ किया उद्घाटन, स्थापित किया गया ‘सेंगोल’

ख़बर शेयर करें :-

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नया संसद भवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया है। नई इमारत के उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की मूर्ति को प्रणाम किया। नई संसद भवन के उद्घाटन किए जाने का लंबे समय से इंतजार हो रहा था। इसके बाद ऐतिहासक राजदंड ‘सेंगोल’ का विधिवत पूजन करने के बाद उसे साष्टांग किया। इसके बाद ऐतिहासिक राजदंड ‘सेंगोल’ को लोकसभा अध्यक्ष के आसन के समीप स्थापित किया गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने चिर परिचित अंदाज में दिखे। पूजन के मौके पर उन्होंने सफेद रंग का धोती-कुर्ता पहन रखा था। इसके ऊपर उन्होंने क्रीम कलर का जैकेट भी पहना। पारंपरिक परिधान में प्रधानमंत्री मोदी ने द्वार संख्या-एक से संसद भवन परिसर में प्रवेश किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मोदी और बिरला ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के साथ पूजा अर्चना व हवन किया। प्रधानमंत्री ने नए संसद भवन के उद्घाटन के मौके पर ईश्वर का आशीर्वाद लेने के लिए कर्नाटक के श्रृंगेरी मठ के पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच ‘गणपति होमम्’ अनुष्ठान किया। प्रधानमंत्री ने ‘सेंगोल’ (राजदंड) को दंडवत प्रणाम किया और हाथ में पवित्र राजदंड लेकर तमिलनाडु के विभिन्न अधीनमों के पुजारियों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद ‘नादस्वरम्’ की धुनों के बीच प्रधानमंत्री मोदी सेंगोल को नए संसद भवन लेकर गए और इसे लोकसभा कक्ष में अध्यक्ष के आसन के दाईं ओर एक विशेष स्थान में स्थापित किया।