देहरादून। क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार आज सुबह रुड़की लौटते समय भीषण हादसे का शिकार हो गई। घटना में पंत बुरी तरह चोटिल हो गए। उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना सुबह 5ः30 बजे की बताई जा रही है। डॉक्टरों की मानें तो ऋषभ पंत के पैर में फ्रैक्चर आया है, पीठ और माथे पर भी चोट लगी है। माथे पर कुछ टांके भी लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि गाड़ी तेज स्पीड से पहले डिवाइडर के किनारे लगी लोहे की मजबूत रेलिंग से टकराई, उसके बाद उड़ते हुए रेलिंग तोड़कर डिवाइडर के बीच में लगे खंभे को तोड़कर हाईवे के दूसरी तरफ जा पहुंची। तेज गति से सड़क पर घसीटते हुए कार करीब 200 मीटर की दूरी पर जाकर थमी। इसके बाद उसमें आग लग गई। बताया गया है कि मौके पर पहुंचे राहगीरों ने ऋषभ पंत को वहां से उठाया। जिसके बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें नारसन से रुड़की की ओर करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित सक्षम हॉस्पिटल पहुंचाया। सक्षम हॉस्पिटल के डॉक्टर सुशील नागर ने बताया कि भर्ती के दौरान ऋषभ पंत की हालत थोड़ी गंभीर थी लेकिन जैसे-जैसे समय गुजरा तो हालत ठीक होने लगी। इसके बाद ऋषभ पंत को देहरादून स्थित मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि यहां ऋषभ पंत की प्लास्टिक सर्जरी भी होगी।