नैनीताल। बीते दिनों मालरोड से तीन साईकिल चोरी करने वाले चोरों को पुलिस ने धर दबोचा। जिनको कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक तल्लीताल बूचड़खाना निवासी असद अहमद ने बीती 15 फरवरी को मल्लीताल कोतवाली में तहरीर देते हुए कहा कि 14 फरवरी की रात उन्होंने अपनी साइकिल मॉल रोड पर पार्क की थी। 15 फरवरी की सुबह आने पर जब उन्होंने देखा तो तीनों साइकिल गायब थी, जिस पर उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि पुलिस की टीम गठित कर तत्काल खोजबीन शुरु कर दी थी। जिसके बाद गुरुवार की तड़के पुलिस ने स्टाफ हाउस निवासी मुकेश कुमार, गौरव आर्य व मयंक कुमार को रूसी बाईपास से साइकिल समेत धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि तीनों युवकों ने अपना जुर्म कबूल किया है। तीनों ने बताया कि उनके घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी और अपना जेब खर्च चलाने के लिए उन्होंने यह साइकिल चोरी की थी।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक धाम सिंह पांगती, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह मेहरा, शाहिद अली, वीरेंद्र गोले व बाबू सिंह शामिल थे।