उपलब्धि : कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रो. अतुल जोशी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पर्श गंगा विशिष्ट सेवा सम्मान से किया सम्मानित

ख़बर शेयर करें :-

नैनीताल। ऋषिकुल ऑडिटोरियम हरिद्वार में स्पर्श गंगा अभियान द्वारा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, प्रकृति व पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य क्षेत्रों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए कुमाऊं विश्विद्यालय नैनीताल के वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. अतुल जोशी को मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्पर्श गंगा विशिष्ट सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया।

बता दें कि प्रो. जोशी अपनी अकादमिक जिम्मेदारियों के साथ साथ सामाजिक उत्तरदायित्वो के निर्वहन के लिए समाज में विशिष्ट पहचान रखते हैं। प्रो. जोशी हिमालयन एजुकेशनल एंड डेवलपमेंट सोसायटी तथा शांतिनिकेतन ट्रस्ट फ़ॉर हिमालया के माध्यम से समाजिक सरोकारों से जुडे मुद्दों पर जनजागरूकता फैलाने व कार्यों के निष्पादन में लगे रहते हैं। उनके द्वारा अपनी संस्था के माध्यम से पर्यावरण सरंक्षण के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए स्पर्श गंगा शिक्षा सम्मान की शुरुआत भी की गई है, जिसके अंतर्गत हर वर्ष पांच शिक्षको को प्रशस्ति पत्र तथा 11000 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया जाता है। हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. जोशी के साथ स्पर्श गंगा विशिष्ट सेवा सम्मान प्राप्त करने वालों में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित कल्याण सिंह रावत मैती’, गढ़वाल विश्विद्यालय के प्रो. प्रभाकर बड़ौनी, व चंद्रवीर पोखरियाल भी शामिल थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ द्वारा हरिद्वार सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड तथा पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा रचित गंगा गीत तथा में गंगा बोल रही खंड काव्य पुस्तक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं महा मंडलेश्वर स्वामी यतीश्वरानंद, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, स्थानीय विधायक आदेश चौहान तथा स्पर्श गंगा की राष्ट्रीय संयोजक आरूषि निशंक उपास्थित रहें।

Gunjan Mehra