चार बच्चों की मां रह रही थी लिव इन रिलेशन में, प्रेमी ने ही दे दी मौत, चार साल से पति से रह रही थी अलग

ख़बर शेयर करें :-

अवैध सम्बंध के शक में होने के चलते प्रेमी ने सहारनपुर निवासी महिला की हत्या कर दी। हत्या करने से पहले दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। आरोपी ने महिला को धक्का देकर नाले में गिराया और मुंह नाले में अंदर की तरफ दबाकर हत्या कर दी।

महिला की हत्या कर आरोपी फरार हो गया था। पुलिस और एसओजी की टीम ने आरोपी को सहारनपुर से गिरफ्तार करते हुए हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। एसएसपी ने आरोपी को पकड़ने वाली टीम की पीठ थपथपाई। सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 17 जनवरी को रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की पुलिस चौकी औद्योगिक क्षेत्र (गैस प्लांट) के पीछे नाले में एक महिला का शव मिला था।

देर रात में महिला की बेटियों ने उसकी शिनाख्त कृष्णा निवासी ग्राम कुरडीखेड़ा चाणचक थाना बिहारीगढ़ जिला सहारनपुर के रूप में की थी। महिला अपने पति से अलग चार साल से सिडकुल के रावली महदूद स्थित ब्रह्मपुरी में अपनी बेटियों के साथ किराये के मकान में रह रही थी और सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत थी।
जबकि दीपक निवासी ग्राम कुरडीखेड़ा चाणचक थाना बिहारीगढ़ सहारनपुर से चार साल से लिव इन रिलेशनशिप में थी। महिला की बेटी की तरफ से आरोपी दीपक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस और सीआईयू की टीमें तलाश में लगा दी गई थी। रविवार को आरोपी को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी बीते कुछ समय से महिला के किसी और से अवैध संबंध होने के शक पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हुआ। 16 जनवरी की रात को भी कंपनी से लौटते समय दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद उसने कृष्णा को धक्का देकर नाले में गिराकर पीछे से उसका सिर नाले में अंदर की तरफ दबाकर हत्या कर दी थी। रानीपुर कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया है।