दुःखद : भूस्खलन से तीन मकान ध्वस्त, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत दो घायल

ख़बर शेयर करें :-

उत्तराखंड के चमोली जिले से दुखद खबर सामने आई है जिले के थराली तहसील अंतर्गत पैनगढ़ गांव में बीती रात पहाड़ी पर भूस्खलन होने से तीन मकान ध्वस्त हो गए और एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो व्यक्ति घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को कर्णप्रयाग उप जिला चिकित्सालय भेजा गया है। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने भी इस घटना पर दुख व्‍यक्‍त किया है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि करीब डेढ़ बजे चमोली जिले के थराली तहसील के पैनगढ़ गांव में पहाड़ी पर भूस्खलन के बाद गिरे बोल्डरों से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से एक मकान के ऊपर भारी बोल्डर गिरा, जिससे मकान में रह रहे एक ही परिवार के चार लोगों मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस- एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है घटना में 2 लोग घायल हुए जिन्हें से सीएचसी थराली में भेजा गया है। प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। मलबे व बोल्डर गिरने से दो अन्य मकानों को भी क्षति पहुंची है।

शनिवार सुबह क्षतिग्रस्त हुए मकानों से 4 शवों को निकाला गया। मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। जिनमें देवानंद पुत्र माल दत्त सती, बंचुली देवी पत्नी माल दत्त, घनानंद पुत्र माल दत्त, सुनीता देवी पत्नी घनानंद है। दीपावली पर्व के मौके पर भी इस घटना से गांव में मातम छा गया है।

Gunjan Mehra