उत्तराखण्डः विधानसभा के बाहर बर्खास्त कर्मचारियों का धरना जारी! हटाने पहुंची पुलिस से हुई तीखी झड़प, दो महिला कर्मचारी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें :-

देहरादून। विधानसभा के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे बर्खास्त कर्मचारियों की आज पुलिस से तीखी झड़प हो गई। जैसे ही पुलिस कर्मचारियों को हटाने वहां पहुंची तो कर्मचारियों ने जबरदस्त विरोध करना शुरू कर दिया। जिसके चलते पुलिस को दो महिला कर्मचारियों को गिरफ्तार करना पड़ा। गौरतलब है कि विधानसभा सचिवालय से बर्खास्त कर्मचारी विधानसभा के पास बेमियादी धरना दे रहे हैं जो आज बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब सब नियुक्तियां अवैध हैं तो कार्रवाई कुछ कर्मचारियों पर ही क्यों की गई। बर्खास्त कर्मचारियों ने कहा कि विधानसभा सचिवालय में वर्ष 2001 से लेकर 2021 तक की सभी नियुक्तियां एक ही पैटर्न पर की गई  हैं। हाईकोर्ट में दिए अपने शपथ पत्र में विधानसभा अध्यक्ष ने बताया है कि राज्य निर्माण के बाद से अब तक की सभी नियुक्तियां अवैध हैं, लेकिन उनकी ओर से कार्रवाई केवल 2016 के बाद नियुक्त कर्मचारियों पर ही की गई है। कर्मचारियों ने कहा कि 2001 से 2015 के बीच अवैध रूप से नियुक्त कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त न की गईं तो इसके विरोध में परिजनों सहित उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।

News Desk