देहरादून। उत्तराखण्ड में कोहरा छाने और पाला गिरने से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मैदानी इलाकों में सुबह-शाम कोहरा छा रहा है, जिससे ठण्ड में इजाफा हो रहा है वहीं पहाड़ों पर पाला गिरने से ठिठुरन बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क ही बना रहेगा। क्रिसमस के बाद मौसम बदलाव आ सकता है। मौसम में आए इस बदलाव से नए साल से पहले बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पहाड़ और मैदान में सर्द हवा चलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सायंकाल बाजारों व सड़कों पर भी पिछले दिवस की अपेक्षा रौनक कम रही। पहाड़ में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात में पाला तथा घाटी वाले इलाकों में कोहरा छाया रहने से सुबह कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।