महिला ने बेटी को जन्म दिया तो ससुराल वाले बने हैवान, लाठी डंडों प्रेशर कुकर से मारा, कमरे में किया बंद

ख़बर शेयर करें :-

हल्द्वानी के लालडांठ क्षेत्र निवासी एक महिला के दूसरी बार पुत्री को जन्म दिया तो ससुराल पक्ष का व्यवहार ही बदल गया। जिस पर पति, सास और ननद ने महिला को लात-घूंसे और प्रेशर कुकर से पीटा गया। महिला ने मुखानी पुलिस को शिकायत की और क्रूरता की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज उपलब्ध कराई है।

 

 

लालडांठ रोड निवासी रेखा जोशी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई। शादी के बाद पति ने बेटे की चाहत में भ्रूण जांच का दबाव बनाया। साथ ही बेटी पैदा होने पर दोनों को मारने की धमकी भी दे डाली। महिला ने जब इसका विरोध किया तो गर्भावस्था में उससे मारपीट की, जिससे उसका गर्भपात हो गया। बताया कि 20 दिसंबर 2023 को उसने फिर बेटी को जन्म दिया। इसके बाद उसके पति व अन्य ससुरालियों का व्यवहार उसके लिए बदल गया। वह लगातार उससे मारपीट करते रहे। यहां तक कि कमरे में कैद कर खाना-पीना भी नहीं देते है।

 

आरोप है कि 13 जून की रात आरोपियों ने महिला को लात-घूंसो और प्रेशर कुकर से पीटा। शरीर पर कई जगहों पर काटा भी। महिला ने इसका सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दी है। उधर यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में कई लोग एक महिला को मारते दिख रहे हैं। एक छोटी बच्ची महिला को बचाने का प्रयास करती हुई दिखती है। महिला के सिर में एक दूसरी महिला कूकर से वार करते हुए भी दिख रही है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि नहीं की जा सकती है। एसओ मुखानी पंकज जोशी ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को काउंसलिंग के लिए भेज दिया गया है।

Gunjan Mehra