देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक श्रीयंत्र टापू, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को ₹9.13 करोड़ की 9 प्रमुख विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। श्रीनगर पहुंचने पर स्थानीय महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने मुख्यमंत्री का अभूतपूर्व एवं भव्य स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीनगरवासियों की करीब नौ साल पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए शहर में सिटी बस सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सभी पार्षदों से भरी सिटी बस को रवाना कर शहर की नई सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की नींव रखी।
पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर शहर को लंबे इंतजार के बाद सिटी बस सेवा की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब नौ साल बाद शुरू हुई सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने 9.13 करोड़ रुपये की लागत वाली नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित करने के साथ पर्यावरण मित्र महिलाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता किट भी प्रदान की गईं। श्रीनगर पहुंचने पर बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ किया। लंबे समय से शहर में स्थानीय परिवहन सुविधा की मांग उठ रही थी। सिटी बस सेवा शुरू होने से शहरवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ पहल के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने समूहों की महिलाओं को कुल 2,01,530 रुपये की राशि का चेक प्रदान किया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की आजीविका को मजबूत करना और उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना है। इसके साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट दी गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर के विकास को गति देने के लिए नौ करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका यानी वर्षा जल संचयन पार्क, सड़क और नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क तथा विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से शहर की व्यवस्था बेहतर बनाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड के विकास के लिए काम कर रही हैं। चारधाम यात्रा में बढ़ोतरी से स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ मिल रहा है। चारों धामों को हर मौसम में आवागमन योग्य सड़क से जोड़ने का कार्य किया गया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रेल मार्ग का एक स्टेशन श्रीनगर में भी होगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और समृद्धि के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। पौड़ी जिले में भी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ मुख्यमंत्री का संवाद भी आकर्षण का केंद्र रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री अपने वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए। सिटी बस सेवा की शुरुआत, ईवी चार्जिंग स्टेशन और विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के साथ श्रीनगर को शहरी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नई पहल मिली है। अब इन योजनाओं का वास्तविक लाभ शहरवासियों तक पहुंचाना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी होगी।