हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित राज्य कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करने पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हल्द्वानी शुद्धिकरण, वंदे मातरम के सम्मान और तुष्टिकरण जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस की नीयत पर गंभीर सवाल उठाए। साथ ही कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर प्रचंड जीत हासिल करने का स्पष्ट संदेश दिया।
भाजपा की विस्तारित राज्य कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ‘वंदे मातरम’, तुष्टिकरण, शुद्धिकरण और दलित सम्मान जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस को घेरा। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और हर बूथ पर जीत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस के मन में हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति रहती है। उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस गीत की गूंज से देश के लाखों बलिदानियों ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उसके पूरे गान को लेकर कांग्रेस को आपत्ति होती है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ महज गीत नहीं, बल्कि देश की आजादी, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की पहचान है। उन्होंने इसे 2047 के विकसित भारत के संकल्प से भी जोड़ा। भाजपा अध्यक्ष ने दलितों के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के इतिहास में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और बाबू जगजीवन राम जैसे नेताओं के अपमान के उदाहरण रहे हैं। इसके विपरीत उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दलित समाज के सम्मान और विरासत को आगे बढ़ाने का काम किया गया। उन्होंने बाबा साहेब के नाम पर पंचतीर्थ और संत गुरु रविदास के सम्मान में देशभर में यात्राओं का उल्लेख किया। युवाओं को लेकर नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस के शासन में देश का युवा निराशा और अंधकार में था, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवा आशा और विश्वास के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड के विकास का जिक्र करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश के विकास को लेकर अपने संकल्प को जमीन पर उतारा है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम और अन्य सड़क परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया है। नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 की तैयारी अभी से तेज करने का आह्वान किया। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड में फिर सरकार बनाएगी और यह जीत केवल सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा की जीत होगी। बैठक से साफ संकेत मिला कि भाजपा ने 2027 के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और विकास के साथ वैचारिक मुद्दों को चुनावी अभियान के केंद्र में रखने की तैयारी शुरू कर दी है।