Mar 20, 2026

हल्द्वानी में सरकार के 4 साल का जश्न, सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल के साथ पीएसी भी तैनात

post-img

हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्तावित दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई है। इस संबंध में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। 21 मार्च को प्रस्तावित वीवीआईपी दौरे को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने 19 से 22 मार्च तक रात 11 बजे से 1 बजे तक विशेष गश्त और चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत सुबह 5 से 7 बजे तक संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में सख्ती बरतने और हर गतिविधि की सूचना कंट्रोल रूम को देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

ईद पर्व और अलविदा जुम्मा को देखते हुए धार्मिक स्थल मंदिर,मस्जिद,गुरुद्वारा और चर्च पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर नमाज न हो, इसके लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ते द्वारा हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सघन चेकिंग की जाएगी। इसके अलावा होटलों, लॉज और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को भीमताल मोड़ (काठगोदाम) से वाया ज्यौलीकोट-गेठिया-भवाली बाईपास के रास्ते भेजा जाएगा। इसी प्रकार पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहन भी इसी रूट से डायवर्ट किए जाएंगे। छोटे वाहनों के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है। पिथौरागढ़ और चम्पावत की ओर से आने वाले वाहनों को वीवीआईपी मूवमेंट से 15 मिनट पहले खुटानी बैंड से 200 मीटर पहले रोक दिया जाएगा और वीआईपी के गुजरने के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भीमताल मार्ग को कंटीजेंसी रूट के रूप में पूर्णतः बंद रखा जाएगा और वीवीआईपी मूवमेंट के समय इसे जीरो जोन घोषित किया जाएगा। वहीं, घोड़ाखाल और रामगढ़ से हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को ज्यौलीकोट मार्ग से भेजा जाएगा। पार्किंग व्यवस्था के तहत उच्चाधिकारियों के वाहनों के लिए घोड़ाखाल सैनिक स्कूल के पास मैदान निर्धारित किया गया है, जबकि आम जनता के वाहनों की पार्किंग घोड़ाखाल मंदिर के पास की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें, ताकि कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।