देहरादून। उत्तराखंड के आरक्षित वन क्षेत्रों में दशकों से पीढ़ी-दर-पीढ़ी रह रहे हजारों परिवारों के लिए आखिरकार उम्मीद की नई किरण जगी है। अपनी ही छत के नीचे 'अवैध' कहलाने का दंश झेल रहे इन नागरिकों को अब जमीन का वैधानिक मालिकाना हक (भूमिधरी अधिकार) मिलने का रास्ता साफ होता दिख रहा है। मुख्यमंत्री धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में ऋषिकेश के बापूग्राम और नैनीताल के बिंदुखत्ता समेत प्रदेश के अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को नियमित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक और संवेदनशील निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने इन क्षेत्रों की भूमि को 'डी-रिजर्व' (आरक्षित वन की श्रेणी से बाहर) करने संबंधी प्रस्ताव भारत सरकार को भेजने पर अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी है।
प्रदेश में आरक्षित वन भूमि पर दशकों से बसे हजारों परिवारों के लिए मालिकाना हक मिलने की उम्मीद जगी है। ऋषिकेश के बापूग्राम, नैनीताल के बिंदुखत्ता समेत प्रदेश के अन्य वन क्षेत्रों में लंबे समय से रह रहे लोगों की जमीनों को नियमित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इन क्षेत्रों को आरक्षित वन की श्रेणी से बाहर करने संबंधी प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने पर सहमति दी गई। हालांकि, इस फैसले के बाद भी परिवारों को तत्काल मालिकाना हक नहीं मिलेगा, क्योंकि इसके लिए केंद्र की मंजूरी और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करना जरूरी होगा। सरकार के निर्णय के अनुसार, प्रस्ताव में ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.94 एकड़ आरक्षित वन भूमि को शामिल किया गया है। इसके साथ ही नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता और राज्य के अन्य ऐसे क्षेत्रों को भी इसके दायरे में लाने की तैयारी है, जहां बड़ी आबादी लंबे समय से निवास कर रही है। राज्य सरकार अब इन क्षेत्रों का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को भेजेगी। वन भूमि को डी-रिजर्व करने का अर्थ उसे आरक्षित वन की अधिसूचित श्रेणी से बाहर करना है। इसके बाद ही वहां बसी आबादी की जमीनों को नियमित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। वन संरक्षण संबंधी कानूनी प्रावधानों के तहत इस कदम के लिए केंद्र सरकार की स्वीकृति आवश्यक है। निर्धारित नियमों के अनुसार, वन भूमि के बदले समान क्षेत्रफल की गैर-वन भूमि उपलब्ध कराने अथवा नियमानुसार क्षतिपूर्ति की व्यवस्था भी करनी पड़ सकती है। इसके अतिरिक्त उच्चतम न्यायालय से संबंधित अनुमति और अन्य कानूनी औपचारिकताएं भी प्रक्रिया का हिस्सा होंगी। इस पूरे मामले में नीति तैयार करने के लिए राज्य सरकार ने उप मंत्रिमंडलीय समिति का गठन किया है। वन मंत्री सुबोध उनियाल के अनुसार, केंद्र सरकार और उच्चतम न्यायालय की अनुमति के बाद भूमि को डी-नोटिफाई करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके पश्चात वहां रह रहे परिवारों की जमीनों को नियमित करने के लिए नीति बनाई जाएगी। समिति की संस्तुतियों के आधार पर ही लोगों को मालिकाना हक देने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। यदि प्रस्ताव को सभी आवश्यक मंजूरियां मिल जाती हैं तो दशकों से जमीन के कानूनी अधिकारों को लेकर असमंजस में रह रहे परिवारों के लिए राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने का रास्ता खुल सकता है। इससे उन्हें भूमि पर अधिकार के साथ सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के नियोजित विस्तार में भी मदद मिल सकती है। हालांकि, अभी यह प्रक्रिया प्रस्ताव और नीतिगत तैयारी के चरण में है। इसलिए लोगों को अंतिम निर्णय के लिए केंद्र की मंजूरी, न्यायालय की अनुमति और राज्य सरकार की नीति का इंतजार करना होगा। इसके बावजूद मंत्रिमंडल के फैसले ने बापूग्राम और बिंदुखत्ता सहित लंबे समय से बसे वन क्षेत्रों के परिवारों की उम्मीदों को नई दिशा दी है।