Aug 04, 2026

उत्तराखंड टीईटी के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, अब ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 9 अगस्त तक बढ़ी

post-img

देहरादून। उत्तराखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा 2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब अभ्यर्थी 9 अगस्त तक विभागीय वेबसाइट www.ukutet.com पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं।

उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी-2026) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने 29 सितंबर को आयोजित होने वाली यूटीईटी परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 9 अगस्त तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.ukutet.com पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 3 अगस्त निर्धारित की गई थी। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के अनुसार, प्रदेश में लगातार खराब मौसम और कई क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रभावित होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभ्यर्थियों की मांग और परिस्थितियों को देखते हुए परिषद ने आवेदन प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है। परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंढियाल ने बताया कि केवल आवेदन की अंतिम तिथि ही नहीं, बल्कि परीक्षा शुल्क जमा करने और आवेदन पत्र में संशोधन की तिथियों में भी बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थी 11 अगस्त तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि पहले इसकी अंतिम तिथि 6 अगस्त थी। इसी तरह आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार (करेक्शन) की सुविधा अब 12 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी। पहले संशोधन की अंतिम तिथि 8 अगस्त निर्धारित की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विस्तारित तिथियों के बाद किसी भी स्थिति में आवेदन पत्र या परीक्षा शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। गौरतलब है कि प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने के लिए यूटीईटी प्रथम (पेपर-1) और जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक बनने के लिए यूटीईटी द्वितीय (पेपर-2) उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। उत्तराखंड में सरकारी विद्यालयों में शिक्षक भर्ती के लिए यूटीईटी प्रमाणपत्र आवश्यक योग्यता मानी जाती है। शिक्षा परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन करने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी के पास अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी होना अनिवार्य है। एक मोबाइल नंबर और एक ई-मेल आईडी से केवल एक ही आवेदन स्वीकार किया जाएगा। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, यूटीईटी प्रथम की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक आयोजित होगी, जबकि यूटीईटी द्वितीय की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से 4:30 बजे तक होगी। शिक्षा परिषद ने अभ्यर्थियों से सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर आवेदन करने की अपील की है। आवेदन तिथि बढ़ने से विशेष रूप से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो खराब मौसम और नेटवर्क बाधित होने के कारण समय पर आवेदन नहीं कर पा रहे थे।