हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक और राजनीतिक तैयारियों को प्रचंड रूप देना शुरू कर दिया है। राज्य में सत्ता की हैट्रिक लगाने के उद्देश्य से बीजेपी आगामी 21 और 22 नवंबर को कुंभनगरी हरिद्वार में दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की ऐतिहासिक बैठक आयोजित करने जा रही है। इस महामंथन में 2027 के चुनावी रोडमैप पर मुहर लगाने के साथ-साथ संगठन के सभी मोर्चों को धरातल पर सक्रिय करने की अंतिम रणनीति तय होगी।
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक और राजनीतिक तैयारियों को तेज कर दिया है। चुनाव में अब अधिक समय शेष नहीं रहने के बीच पार्टी नेतृत्व संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और आगामी चुनावी रणनीति को धार देने में जुट गया है। इसी क्रम में 21 और 22 नवंबर को धर्मनगरी हरिद्वार में भाजपा की दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव का रोडमैप तैयार करने के साथ संगठन की भूमिका, चुनावी अभियान और विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से मंथन होगा। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार, कार्यसमिति में प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अब तक संचालित संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आने वाले महीनों में पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों की रूपरेखा तय की जाएगी। 21 नवंबर को कार्यसमिति के पहले दिन पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति आयोजित होगी। इसमें युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों की भूमिका और आगामी गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व यह तय करने की तैयारी में है कि चुनाव से पहले अलग-अलग मोर्चों को किस तरह सक्रिय किया जाए और उनकी जिम्मेदारियां किस प्रकार निर्धारित हों। पहले दिन की बैठक में अब तक पूरे किए गए कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ वर्तमान में संचालित गतिविधियों का भी आकलन किया जाएगा। इसके अलावा दिसंबर और आने वाले महीनों में जनता के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। 21 नवंबर की शाम प्रदेश पदाधिकारियों की अलग से बैठक होगी। इसमें संगठन के वरिष्ठ नेता आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों से जुड़े प्रस्तावों पर विचार-विमर्श करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में तैयार होने वाली कार्ययोजना अगले दिन होने वाली मुख्य कार्यसमिति के सामने रखी जाएगी। कार्यसमिति के दूसरे दिन 22 नवंबर को विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। इन नेताओं की मौजूदगी में संगठन की आगामी गतिविधियों, चुनावी तैयारियों और प्रदेश स्तर पर पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा होगी। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने जैसे विषयों पर मंथन होने की संभावना है। हरिद्वार की कार्यसमिति से पहले 15 नवंबर से मसूरी में भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है। प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में दिसंबर महीने के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों को भी बुलाया गया है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि मसूरी की बैठक में दिसंबर के सांगठनिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद हरिद्वार में होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति में व्यापक संगठनात्मक कार्ययोजना और 2027 के चुनावी रोडमैप पर मुहर लगेगी। भाजपा के लिए नवंबर में होने वाली ये दोनों बैठकें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। मसूरी में जहां दिसंबर के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार होगी, वहीं हरिद्वार में संगठन की व्यापक रणनीति पर चर्चा होगी। पार्टी का जोर संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और चुनाव से पहले जनसंपर्क गतिविधियों को व्यवस्थित करने पर रहेगा। अब निगाहें हरिद्वार की कार्यसमिति पर टिकी हैं, जहां से भाजपा की आगामी चुनावी तैयारियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।