Apr 11, 2026

सीएम दौरे के बाद सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त: चाकूबाजी की घटना पर डीएवी कॉलेज प्रबंधन से पूछताछ करेगी पुलिस

post-img

देहरादून। राजधानी के प्रतिष्ठित डीएवी (पीजी) कॉलेज में शनिवार को छात्रसंघ समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से निकलते ही छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई के बीच एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल छात्र को लहूलुहान हालत में कॉलेज की डिस्पेंसरी ले जाया गया, जहाँ उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।

समारोह की शुरुआत बेहद उत्साहजनक रही। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "युवाओं की यह ऊर्जा मुझे हमेशा अपने कॉलेज के दिनों की याद दिलाती है। आप केवल छात्र नहीं हैं, बल्कि इस देश का वर्तमान और भविष्य दोनों हैं।" सीएम ने छात्रों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उनके संबोधन के दौरान पूरा परिसर नारों से गूंज उठा था। मुख्यमंत्री के प्रस्थान के बाद प्रसिद्ध हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने अपनी लाइव प्रस्तुति शुरू की। उनके गानों पर छात्र झूम रहे थे और मंच के पास भारी भीड़ जमा थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डांस करने के दौरान ही कुछ छात्रों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हुई, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। शोर-शराबे और संगीत के बीच छात्रों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इसी हंगामे के दौरान गौरव नाम के एक छात्र पर धारदार चाकू से वार कर दिया गया। चाकू लगते ही गौरव जमीन पर गिर पड़ा और समारोह में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में घायल छात्र को कॉलेज डिस्पेंसरी पहुँचाया गया। समारोह में मुख्यमंत्री की मौजूदगी के कारण सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, लेकिन उनके जाते ही व्यवस्थाएं ध्वस्त नजर आईं। कैंपस में चाकू पहुँचने और सरेआम हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन की सुरक्षा चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।