हिमाचल ब्रेकिंगः सुक्खू सरकार का कैबिनेट विस्तार! सात विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ, तीन पद अब भी खाली

ख़बर शेयर करें :-

शिमला। हिमाचल प्रदेश में रविवार को कैबिनेट का विस्तार किया गया। इस दौरान राजभवन में राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस दौरान राज्यपाल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की उपस्थिति में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। हिमाचल प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। कुल 7 विधायकों डॉ धनी राम शांडिल, चंदर कुमार, हर्षवर्धन चौहान, जगत सिंह नेगी, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह और विक्रमादित्य सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार में सात नए मंत्री शामिल किये गए, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह के अलावा धनीराम शांडिल और हर्षवर्धन चौहान के नाम भी हैं। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश कैबिनेट में 10 रिक्तियां हैं, क्योंकि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या 12 से ज्यादा नहीं हो सकती है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद दिसंबर 2022 में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के शपथ लेने के बाद से नये मंत्रियों के नामों को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं।

News Desk