सियासतः कर्नाटक जीत के बाद कांग्रेसियों में जश्न का माहौल! प्रियंका गांधी ने दी प्रतिक्रिया, बताया जनता के मुद्दों की जीत

ख़बर शेयर करें :-

नई दिल्ली। कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद कांग्रेस में जश्न का माहौल है। देशभर में कांग्रेसी इस जीत से गदगद हैं। इन सब के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। इसको लेकर प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट किया है। प्रियंका ने लिखा कि कांग्रेस पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए कर्नाटका की जनता को तहे दिल से धन्यवाद। उन्होंने कहा कि ये आपके मुद्दों की जीत है। ये कर्नाटका की प्रगति के विचार को प्राथमिकता देने की जीत है। ये देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि कर्नाटक कांग्रेस के तमाम मेहनती कार्यकर्ताओं व नेताओं को मेरी शुभकामनाएं। आप सबकी मेहनत रंग लाई। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी लगन के साथ कर्नाटक की जनता को दी गई गारंटियों को लागू करने का काम करेगी। जय कर्नाटक, जय कांग्रेस। वहीं, कर्नाटक की जीत पर राहुल गांधी ने कहा कि सबसे पहले मैं कर्नाटक के हमारे कार्यकर्ताओं को, हमारे नेताओं को बधाई देता हूं। कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में गरीबों के साथ खड़ी हुई। हमने प्यार से ये लड़ाई लड़ी। कर्नाटक ने दिखाया कि इस देश को मोहब्बत अच्छी लगती है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में नफ़रत का बाजार बंद हुआ है, मोहब्बत की दुकान खुली है। कर्नाटक की जनता से हमने 5 वादे किए थे, हम इन वादों को पहले दिन पहली कैबिनेट में पूरा करेंगे।

News Desk