बड़ी खबरः कर्नाटक विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों ने खोला लोकलुभावने वादों का पिटारा! कांग्रेस के गारंटी पर शाह ने कसा तंज

ख़बर शेयर करें :-

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों द्वारा लगातार लोक लुभावन वादे किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस भी कई तरह की गारंटी की बात कर रही है। कांग्रेस के गारंटी को लेकर भाजपा हमलावर है। आज एक बार फिर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। अमित शाह ने कहा कि ये कांग्रेस आज गारंटी बांट रही है। अब जिस पार्टी की खुद की क्रेडिबिलिटी ना हो उसकी गारंटी पर कौन विश्वास करेगा। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि कांग्रेस का मतलब है सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार की गारंटी। कांग्रेस का मतलब है सबसे ज्यादा तुष्टिकरण की गारंटी। कांग्रेस का मतलब है सबसे ज्यादा परिवारवाद की गारंटी। कांग्रेस का मतलब है सबसे ज्यादा दंगा करने की गारंटी। कर्नाटक के हनूर में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव कर्नाटक के विकास बनाम रिवर्स गियर सरकार के बीच है। शाह ने कहा कि भाजपा आई तो कर्नाटक विकास के रास्ते पर चल पड़ेगा और कांग्रेस आई तो विकास का रिवर्स गियर लग जाएगा। यह चुनाव कर्नाटक को मोदी जी के नेतृत्व में भारत का नंबर-1 राज्य बनाने का चुनाव है। भाजपा नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 4% मुस्लिम आरक्षण समाप्त कर दिया और इसे समाप्त कर SC, ST, वोक्कालिगा और लिंगायतों का आरक्षण बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस कहती है कि वो सत्ता में आएगी तो मुस्लिम रिजर्वेशन वापस लाएगी। मुस्लिम रिजर्वेशन वापस आते ही SC, ST, वोक्कालिगा और लिंगायतों का जो आरक्षण बढ़ा है वो वापस चला जाएगा।

News Desk