नैनीताल : हल्द्वानी में मूवी देखकर लौट रही युवतियों से छेड़छाड़ का मामला, एक युवती ने वीडियो शेयर कर बताई आपबीती, बताया- बेहद डरावने थे वह 25 मिनट….

ख़बर शेयर करें :-

कोलकाता में लेडी डॉक्टर के रेप और मर्डर केस के बाद से लोगों में भारी आक्रोश है। जिसको लेकर लोग सड़कों पर उतर आए हैं। इस बीच अब हल्द्वानी से फिल्म देखकर लौट रही दो लड़कियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।

इनमें से एक लड़की ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो शेयर करके अपनी आपबीती बताई है।जैसे ही यह वीडियो सामने आया पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य लोगों की तलाश जारी है।

प्राची जोशी नाम के हैंडल से बुधवार दोपहर X पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “रात को मैं अपनी फ्रेंड के साथ एक फिल्म देखकर लौट रही थी. अचानक कम से कम 10 लड़कों ने 2 कारों से हमारा रास्ता रोकने की कोशिश की… वो 25 मिनट हमारे लिए बेहद डरावने थे.”

मोबाइल से बनाए हुए इस एक मिनट के वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लड़के एक कार से लड़कियों का पीछा कर रहें हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मुखानी रोड का है। लड़की ने बताया कि एक ब्लैक कार ने उसकी स्कूटी का पीछा किया। जबकि दूसरी कार में सवार लड़कों ने उनका रास्ता राइट साइड से ब्लॉक कर दिया।मनचलों ने लड़कियों पर आपत्तिजनक कमेंट किए।

वीडियो के पोस्ट में लिखा गया- हम स्कूटी पर थे। पहले एक ब्लैक महिंद्र स्कॉर्पियो (T0724UK4618C ) स्पीड से हमारी तरफ आने लगी। जिससे हमें अपनी स्पीड स्लो करनी पड़ी। फिर दूसरी कार हुंडई निओस i20 (UK-04-AK-1928) ने राइट साइड से हमारा रास्ता ब्लॉक कर दिया।इस कार के फ्रंट डोर पर 2 लड़के लटके हुए थे। अंदर 2 और लड़के बैठे हुए थे । वे हम पर भद्दे कमेंट कर रहे थे। वो हमे रोकने की कोशिश कर रहे थे। पहली बार तो हम किसी तरह बच निकले।”
प्राची आगे लिखती हैं, “दूसरी बार में तो उनलोगों ने हमारा रास्ता पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया। लड़कों ने अपनी कार के चारों दरवाजे खोल दिए थे। लेकिन इस बीच एक लड़का स्कूटर से आ गया। कार में बैठे लड़कों ने उसे रास्ता दिया। इसी दौरान हमें बचकर निकलने का मौका मिल गया। हम किसी तरह वहां से निकले, लेकिन कुछ मिनट बाद वो लड़के सामने आ गए। फिर से हमे घेरने की कोशिश की। ”

प्राची जोशी ने पूछा- “क्या हल्द्वानी में ऐसे शांति और सुरक्षा व्यवस्था होती है? शहर में मनचलें क्यों बढ़ गए हैं? क्या यही हल्द्वानी में महिलाओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था है?” उन्होंने पुलिस से इस मामले में एक्शन लेने की अपील की।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद उत्तराखंड पुलिस एक्टिव हुई। CCTV फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि बाकी आरोपियों के बारे में सुराग मिल सके।

Gunjan Mehra