Nov 19, 2026
govt-ads

उत्तराखंड में 1694 वर्दीधारी पदों पर बंपर भर्ती, 12वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका

post-img

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में समूह-ग के तहत 1,694 वर्दीधारी पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती में पुलिस आरक्षी, पीएसी, फायरमैन, वन आरक्षी, बंदीरक्षक, आबकारी सिपाही और परिवहन आरक्षी सहित 11 श्रेणियों के पद शामिल हैं। खास बात यह है कि भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास रखी गई है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होकर 25 दिसंबर 2026 तक चलेगी। चयनित अभ्यर्थियों को पे मैट्रिक्स लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये से लेकर 69,100 रुपये तक वेतन मिलेगा।

आयोग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 84/2026 के अनुसार, कुल 1,694 पदों में उत्तराखंड जनपदीय पुलिस के पुरुष आरक्षियों के 464, पीएसी और आईआरबी के 284 तथा महिला पुलिस आरक्षियों के 238 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 201 फायरमैन, 171 वन आरक्षी, 75 विशेष बाघ रक्षक, 117 पुरुष बंदीरक्षक और 27 महिला बंदीरक्षक के पदों पर भर्ती होगी। सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पद भी शामिल हैं। भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना जरूरी है। उत्तराखंड बोर्ड, यूपी बोर्ड अथवा सरकार से मान्यता प्राप्त समकक्ष बोर्ड की योग्यता स्वीकार की जाएगी। इसके साथ अभ्यर्थी का उत्तराखंड के रोजगार कार्यालय में पंजीकरण होना चाहिए अथवा राज्य के मान्यता प्राप्त संस्थान से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना चाहिए या वह उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना चाहिए। आयु की गणना एक जुलाई 2026 के आधार पर होगी। पुलिस आरक्षी, पीएसी, फायरमैन, वन आरक्षी और विशेष बाघ रक्षक के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। सचिवालय रक्षक और परिवहन आरक्षी के लिए 18 से 30 वर्ष, बंदीरक्षक के लिए 21 से 35 वर्ष और आबकारी सिपाही के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु निर्धारित है। उत्तराखंड के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को दस वर्ष और स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को पांच वर्ष की छूट का प्रावधान है। चयन प्रक्रिया में शारीरिक मानक परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा शामिल होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा 100 अंकों की होगी, जबकि लिखित परीक्षा भी 100 अंकों की होगी। अंतिम चयन में शारीरिक दक्षता परीक्षा को 25 प्रतिशत और लिखित परीक्षा को 75 प्रतिशत महत्व दिया जाएगा। लिखित परीक्षा ओएमआर आधारित होगी। इसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और अभ्यर्थियों को दो घंटे का समय मिलेगा। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की कटौती होगी। सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए न्यूनतम अर्हक अंक 45 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए 35 प्रतिशत निर्धारित हैं।

आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
विज्ञापन जारी होने की तिथि : 17 नवंबर 2026
ऑनलाइन आवेदन शुरू : 25 नवंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि : 25 दिसंबर 2026
आवेदन में संशोधन : 28 से 30 दिसंबर 2026
संभावित लिखित परीक्षा : 4 अप्रैल 2027

सामान्य और उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये निर्धारित है। अनाथ बच्चों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। अभ्यर्थी आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करते समय शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विवरण के साथ फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान अपलोड करना होगा। आवेदन जमा करने के बाद उसकी प्रति सुरक्षित रखना जरूरी है। युवाओं के लिए यह भर्ती पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं में सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आयोग की आधिकारिक अधिसूचना में पदवार योग्यता, आयु सीमा और शारीरिक मानकों की जानकारी अवश्य जांचने की सलाह दी गई है।