उत्तराखण्डः मैदानी इलाकों में साफ हुआ मौसम! पहाड़ों में बारिश-ओलावृष्टि का येलो अलर्ट, मौसम विभाग ने जताई ये संभावना

ख़बर शेयर करें :-

देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। मैदान में आज चटक धूप के साथ दिन की शुरूआत हुई। वहीं पहाड़ों में अधिकांश जगहों पर मौसम साफ रहा। हांलाकिन मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इससे पहले शनिवार को प्रदेशभर का मौसम शुष्क रहा, हालांकि रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जनपदों के ऊंचाई वाले इलाकों में दोपहर बाद बादल छाये रहे। मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिली रही। शनिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 32.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 31.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी प्रकार मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम 20.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम 21.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

News Desk